हरिद्वार। पांच टाटा ट्रकों की खरीद के नाम पर 27.85 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजी करते हुए फर्जी बीमा दस्तावेज तैयार भी किए गए। सिडकुल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अर्जुन राम नाथ सिंह निवासी गली नंबर ए-6, टीएचडीसी काॅलोनी रानीपुर ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 23 अप्रैल 2022 को सुरेश कुमार निवासी कोहिमा नागालैंड हाल पुणे महाराष्ट्र से 18.30 लाख रुपये प्रति वाहन के हिसाब से टाटा कंपनी के पांच क्लोज बॉडी ट्रक खरीदे थे। प्रत्येक वाहन पर टाटा मोटर्स फाइनेंस का 16 लाख रुपये का फाइनेंस चल रहा था, जिसकी आगामी किस्तें भरने की जिम्मेदारी उनकी की थी।
अर्जुन का आरोप है कि उन्होंने नियमित रूप से 51,480 रुपये प्रति माह प्रति ट्रक किस्त जमा की, इसके बावजूद टाटा मोटर्स फाइनेंस की ओर से वाहनों को बार-बार पकड़ लिया जाता था। जांच कराने पर पता चला कि वाहनों पर पहले से ही अधिक बकाया राशि दर्ज है और अनुबंध में बड़ी धोखाधड़ी की गई है। उन्हें कुल 15.85 लाख 464 रुपये अतिरिक्त जमा करने पड़े, साथ ही दो ट्रकों के फर्जी बीमा के नाम पर 2.02 लाख रुपये अतिरिक्त हड़पे गए। ब्याज और बीमारी के उपचार पर 5 लाख रुपये और खर्च हुए। कुल मिलाकर उन्हें 27.85 लाख 464 रुपये का नुकसान व धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा। आरोप है कि नोटिस भेजने पर सुरेश ने उन्हें गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।