ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। कनखल की पदमिनी ज्वेलर्स के स्वामी प्रदीप कुमार शर्मा से पचास लाख की रंगदारी मांगी गई है। सर्राफ की शिकायत पर हरकत में आई कनखल पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीआईयू की मदद से मोबाइल फोन नंबर धारक की तलाश तेज कर दी है।
रविवार को एसओ कनखल हरिओम राज चौहान से सर्राफा बाजार में पदमिनी ज्वेलर्स संचालक सर्राफ प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल कर रहे शख्स ने उनसे पचास लाख की रकम देने की बात कही। आरोप है कि चौथ न देने पर हत्या कर देने की धमकी भी दी गई। एसओ ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सर्राफ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मोबाइल फोन नंबर धारक तक पहुंचने के लिए सीआईयू की मदद ली जा रही है। बता दें कि कनखल थाने के एकदम पीछे विष्णु विहार कालोनी में रहने वाले पदमिनी ज्वेलर्स के मालिक प्रदीप शर्मा के भाई राजन शर्मा से भी कुछ साल पहले लूट की कोशिश गई थी। तब सर्राफ राजन ने अपने लाइसेंसी असलहे से कई राउंड़ फायर भी किए थे। कनखल पुलिस धमकी को पुराने मामले से जोड़कर भी देख रही है। एसओ हरिओम राज चौहान ने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा, पुलिस अपने कार्य में जुटी है।