लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के मिनी आंगनबाड़ी केंद्र आगर द्वितीय की कोरोना पॉजिटिव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीता देवी को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक सहायता दी है। सीएम योगी के निर्देश पर मिशन योगी अगेन सीएम 2020 उत्तर प्रदेश टीम के प्रदेश विस्तारक कविंद्र चंद ने अनीता के खाते में उपचार और राशन के लिए पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। कविंद्र ने बताया कि टीम योगी उत्तराखंड में भी कोरोना प्रभावितों को सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है।
आंगनबाड़ी संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा ने बताया कि अनीता 10 मई को अपने पुत्र आयुष कुमार (10) व आर्यन कुमार (14) के साथ कोरोना संक्रमित हो गई थी। अनीता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने व उसके बीमार होने से वह उपचार व भोजन आदि के लिए काफी परेशान थीं। सोशल मीडिया के जरिये अनीता के लिए मदद की गुहार लगाई गई थी। मीना ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिये यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कविंद्र चंद के माध्यम से अनीता के मदद भेजी है। पिथौरागढ़ के रामू वर्मा की पहल पर लोहाघाट के एसओ मनीष खत्री ने राशन की व्यवस्था की है। अनीता का कहना है कि कोरोना की पहली लहर से ही वह बाहर से आने वाले प्रवासियों की रिपोर्ट तैयार करने, उन्हें होम आइसोलेशन में रखने, उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्रशासन को दे रही थीं, इसी दौरान वह स्वयं कोरोना संक्रमित हो गई। अनीता ने मदद के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ, रामू वर्मा, एसओ मनीष खत्री व मीना बोहरा का आभार जताया है।