लोहाघाट (चंपावत)। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से नेपाल सीमा से लगे बगोटी गांव में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान बाहरी स्थानों से आए प्रवासियों और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। शनिवार को बगोटी जूनियर हाईस्कूल में आरसेटी के निदेशक आरपी टम्टा ने प्रवासियों को स्वरोजगार से जुड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोगों विशेषकर प्रवासियों को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए तमाम योजनाएं संचालित की गई हैं, लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी स्थानों से आए प्रवासी अपने हुनर के हिसाब से अपने उद्योग स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आरसेटी की ओर से ग्रॉसरी एवं किराना शॉप प्रशिक्षण, उद्यमिता प्रशिक्षण, डेयरी फार्मिंग एवं वर्मी कंपोस्ट निर्माण प्रशिक्षण, मशरूम उत्पादन, बकरी पालन, कृषि उद्यमी, महिलाओं के लिए ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, प्लंबिंग, सेनेटरी वर्कर, मोबाइल रिपेयरिंग आदि प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इसके लिए 18 से 45 वर्ष के व्यक्ति आवेदन कर प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार खोल सकते हैं। आरसेटी के फैकल्टी प्रकाश जोशी, विजय सिंह लडवाल, महेंद्र सिंह पटवा ने विभिन्न जानकारियां दीं। इस मौके पर पुष्कर बोहरा, पीतांबर पांडेय, दीपक पांडेय, मदन राम, मदन धौनी, दीपक जोशी, मोहन पांडेय, दीपक कठायत, कमला देवी, सावित्री देवी, हरीश चंद्र आदि रहे।