टनकपुर (चंपावत)। 13 सूत्री मांगों पर अमल न होने से नाराज रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आठ जनवरी की मध्य रात्रि से कार्य बहिष्कार पर जाने की तैयारी शुरू कर दी है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए बुधवार को संगठन की क्षेत्रीय इकाई ने बैठक कर रणनीति तय की है। फैसला लिया है कि टनकपुर क्षेत्र के सभी कर्मचारी एकजुटता के साथ कार्य बहिष्कार करेंगे। बैठक के बाद कर्मचारी नेताओं ने निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
क्षेत्रीय कार्यशाला गेट पर स्थित संगठन कार्यालय में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्ष व विनोद कुमार नौटियाल के संचालन में हुई बैठक में कहा गया कि संगठन की ओर से निगम प्रबंधन को पूर्व में 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर अमल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रांतीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशन में सभी कर्मचारी आठ जनवरी की मध्य रात्रि से प्रस्तावित बेमियादी कार्य बहिष्कार में शामिल होंगे। बैठक में इंद्र सिंह बिष्ट, भुवन पांडेय, भूपाल सिंह, संजय भट्ट, योगेश सिंह, रेवाधर चौड़ाकोटी, विय सिंह, शेर सिंह, नरेंद्र तिवाड़ी, महादेव राना, सुरेंद्र राना, गोविंद बल्लभ जोशी, बलदेव प्रसाद, किशोर नेगी आदि शामिल थे।