टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए मां पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। रेलमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेल सेवा बढ़ाने में डबल नहीं ट्रिपल इंजन की सरकार काम कर रही है। यूपीए सरकार में 2014 तक उत्तराखंड के लिए जो रेल बजट था, उसे हमारी सरकार ने 23 गुना तक बढ़ा दिया है। टनकपुर के लोगों को जल्द ही इलेक्ट्रिक रेल सेवा का भी तोहफा मिलने जा रहा है। बरेली टनकपुर तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।
टनकपुर स्टेशन पर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, विधायक कैलाश गहतोड़ी, लोहाघाट विधायक पूरन फर्त्याल, खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा की मौजूदगी में हुए उद्घाटन कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से रेल मंत्री ने संबोेधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर उत्तराखंड में रेल सेवा के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि 2009 से 2014 तक यूपीए सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड में रेल सेवा के लिए 187 करोड़ रुपये हर वर्ष निवेश किए जा रहे थे, जिसे हमारी सरकार ने वर्ष 2014 से 2019 तक बढ़ाकर 700 करोड़ कर दिया। 2019-2020 में निवेश का बजट 1780 करोड़ रुपये किया और अब 2021-22 के लिए निवेश की राशि बढ़ाकर 4732 करोड़ रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल सेवा के विकास में केंद्र में मोदी, राज्य में त्रिवेंद्र और भारतीय रेल साथ मिलकर काम कर रही हैं। इस मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक अमित कुमार, डीआरएम आशुतोष पंत, एडीआरएम परिचालन अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नीतू आदि रेल अधिकारी मौजूद थे।