टनकपुर (चंपावत)। मां शारदा शक्तिमान ट्रक खनन यूनियन ने उपखनिज भंडारकों को पूर्व की भांति आरबीएम और पत्थरों के भंडारण की अनुमति मांगी है। यूनियन का कहना है कि सिर्फ स्टोन क्रशरों और खनन पट्टाधारकों को ही आरबीएम और पत्थरों के भंडारण की अनुमति से खनन में लगे वाहन मालिकों के सामने खनिज बेचने का संकट होगा।
यूनियन ने शुक्रवार को एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार पिंकी आर्या को सौंपा। इसमें बताया कि नई खनिज भंडारण नीति में सिर्फ स्टोन क्रशरों, खनन पट्टा धारकों को ही आरबीएम और पत्थरों के भंडारण की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र के दो स्टोन क्रशरों की क्षमता कम होने से सिर्फ तीन सौ वाहन मालिकों को ही रोजगार मिल पाता है। निजी भंडारकों को आरबीएम और पत्थरों के भंडारण की अनुमति नहीं मिली तो शेष 700 वाहन मालिक रोजगार से वंचित हो जाएंगे। यूनियन का कहना है कि शारदा से पर्याप्त मात्रा में आरबीएम और पत्थरों की निकासी नहीं हुई तो इससे नदी की सतह ऊंची हो जाएगी और तटबंधों के कटाव का खतरा बढ़ेगा। ज्ञापन देने वालों में यूनियन अध्यक्ष आनंद सिंह महर अन्नी, महेश सिंह, सुभाष कटौच, बचन सिंह अधिकारी, भास्कर, नजीर हुसैन, मोहन चंद्र जोशी, सुरेश आदि थे।