Uttarakhand: स्वाला डेंजर जोन के सवाल का सर्वे में खोजेंगे जवाब, NH को तीन किमी सड़क के लिए चाहिए विकल्प
स्वाला के पास आए दिन यातायात बाधित होने से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। टनकपुर-चंपावत एनएच पर निर्बाध यातायात संचालन के लिए एनएच और लोनिवि ने विकल्प तलाशने का काम शुरू कर दिया है।
विस्तार
स्वाला के पास आए दिन यातायात बाधित होने से जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। टनकपुर-चंपावत एनएच पर निर्बाध यातायात संचालन के लिए एनएच और लोनिवि ने विकल्प तलाशने का काम शुरू कर दिया है। एनएच को करीब तीन किलोमीटर का सर्वे कार्य करना है।
एनएच पर स्वाला के ठीक नीचे से सड़क का सर्वे किया जाना है। यह सड़क बस्तियागूंठ होते हुए दियूरी सड़क पर मिलेगी जबकि लोक निर्माण विभाग को करीब 10.30 किमी सड़क कटिंग का काम करना है। दियूरी चल्थी सड़क पर वैकल्पिक एलाइनमेंट की तलाश पूरी होने के बाद भविष्य में यातायात निर्बाध हो जाएगा।
एनएच के दो-दो विकल्प होने के बाद डेंजर जोन स्वाला में पहाड़ी से मलबा आने की दशा में दोनों ही मार्ग सुचारु यातायात में मददगार साबित होंगे। चंपावत और पिथौरागढ़ जिले की बड़ी आबादी को भविष्य में बनने वाले यह मार्ग बड़ी राहत देंगे। बता दें कि स्वाला डेंजर जोन के कारण एनएच बंद होने से दोनों जिलों की यातायात व्यवस्था ठप जाती है।
30 करोड़ से अधिक के कारोबार का नुकसान
स्वाला डेंजर जोन पर इस साल यातायात बाधित होने के चलते दोनों जिलों का 30 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ था। स्वाला डेंजर जोन अब तक 100 से अधिक बार बंद होने से रोडवेज, टैक्सी संचालक, कारोबारियों और यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रोडवेज को जहां लाखों का नुकसान उठाना पड़ा तो वहीं यात्रियों को पांच से 10 गुना अधिक किराया देकर टनकपुर और हल्द्वानी जाने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
एनएच पर स्वाला डेंजर के कारण लगातार यातायात बाधित होता है। यातायात निर्बाध रहे इसके लिए सर्वे कार्य किया जाना है। करीब तीन किमी सड़क का सर्वे किया जाना है। इसकी कार्यवाही गतिमान है। - दीपक जोशी, ईई, एनएच
दियूरी-चल्थी सड़क पर वैकल्पिक एलाइनमेंट की तलाश की जा रही है। करीब 10.30 किमी की सड़क की कटिंग का काम किया जाना है। इसके लिए सर्वे कार्य किया जा रहा है। वन भूमि होने के कारण केंद्र से अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मोहन पलड़िया, ईई, लोनिवि चंपावत