{"_id":"4526d842303295cc5f2d1b2345735533","slug":"overnight-injured-woman-was-groaning-in-pain-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रातभर दर्द से कराहती रही चोटिल महिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रातभर दर्द से कराहती रही चोटिल महिला
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत
Updated Sat, 12 Sep 2015 10:27 PM IST
विज्ञापन
ये रोड से कटे दूरदराज के गांवों की त्रासदी है कि इमरजेंसी में इन गांवों के लोगों को लंबी दूरी तय कर रोड तक पहुंचना भारी होता है। बीती शाम बुंगाचौकुनी गांव की एक महिला खेत से करीब 20 फीट नीचे गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गई। अंधेरे के चलते महिला को गांव से अस्पताल लाने के लिए अगले दिन का इंतजार करना पड़ा। रातभर महिला दर्द से कराहती रही। सुबह डोली से 8 किमी दूरी तय कर रोड तक लाए और फिर वहां से आपात सेवा 108 के जरिए 22 किमी दूर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद महिला को उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
चंपावत विकासखंड की मौनपोखरी ग्राम पंचायत के बुंगाचैकुनी गांव की गीता देवी (35) पत्नी जगदीश सिंह शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे घास लेकर घर लौट रही थी। तभी पांव फिसलने से वह तीन खेत नीचे गिर गई। बुरी तरह चोटिल गीता को देर शाम रोड तक लाना मुमकिन नहीं था। इसलिए सुबह होने का इंतजार किया गया। शनिवार सुबह अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डा.उदय शंकर और सर्जन डा.आरपी खंडूरी ने महिला का इलाज किया। सिर और कमर में बुरी तरह से चोटों की वजह से गीता को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन