चंपावत। राजकीय पीजी कॉलेज में हंस फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे वित्त पोषण से छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कार्की के नेतृत्व में पदाधिकारियों और छात्रनेताओं ने शनिवार को प्राचार्य डॉ. राधेश्याम भट्ट से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
छात्रों का कहना था कि महाविद्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी अध्ययन सामग्री काफी कम है। स्मार्ट कक्षाओं के संचालन के लिए स्मार्टबोर्ड, सीडी और पैन ड्राइव खरीदने की जरूरत है। कहा कि हंस फाउंडेशन की ओर से महाविद्यालय के विकास के लिए दिए जा रहे वित्तीय सहयोग से छात्रों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया जाए। छात्रनेताओं ने वित्तीय सहयोग के लिए हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले जी महाराज और माता मंगला का धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इनमें अंकित खर्कवाल, दीपांशु चौधरी, हर्षित राय, अमन टम्टा, मयंक बोहरा, मयंक मयूर, मनीष चौधरी, विशाल भट्ट, प्रकाश मेहता आदि रहे।