संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर (चंपावत)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कोरोना महामारी के बीच नवयोग सूर्योदय सेवा समिति ने ऑनलाइन योग जागरूकता अभियान शुरू किया है। समिति ने दस लाख लोगों को योग से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। समिति के संस्थापक योगाचार्य डॉ. नवदीप जोशी ने बताया कि अभियान में योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन इंडिया, राइजिंग इंडिया, यूथ ऑर्गेनाइजेशन, विद्या भारती उत्तराखंड, दिल्ली विश्वविद्यालय, पर्यावरण बचाओ समेत विभिन्न संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। 26 अप्रैल से शुरू किए गए अभियान के तहत नवयोग ग्राम पेज में फेसबुक लाइव के माध्यम से दो लाख लोगों को जागरूक कर योग से जोड़ा जा चुका है।
योगाचार्य डॉ. जोशी ने कहा कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने लोगों से योग के महत्व को समझते हुए नियमित योगाभ्यास करने की अपील की है। बताया कि अभियान में डॉ. विक्रम सिंह, योगचार्य मंजरी जोशी, योगाचार्य राजीव राधा बल्लभ, गिरीश चौहान, डॉ. वंदना परमार, डॉ. ममता, राकेश शास्त्री, डॉ. नवीन कांडपाल, योगाचार्य तरूण, डॉ. सुदीप झा सहयोग दे रहे हैं।