लोहाघाट (चंपावत)। नगर में दिनों दिन बढ़ रहे पेयजल संकट से चिंतित लोगों ने जल संस्थान से समस्या के समाधान की मांग की है। पानी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए उन्होंने पेयजल लाइनों में मोटर लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की है।
नगर पालिका के सभासद राजकिशोर साह के नेतृत्व में बुधवार को जल संस्थान कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इसमें कहा गया है कि लोहाघाट नगर पालिका के खड़ी बाजार, डाकबंगला रोड, शीतलामाता मंदिर मोहल्ले, बाड़ीगाड़, बजरंगबली वार्ड में गंभीर पेयजल संकट है। यहां लोगों को तीसरे दिन मात्र 25 मिनट ही पानी मिल पा रहा है। इससे लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना था कि कुछ लोगों की ओर से पेयजल की लाइनों में डायरेक्ट मोटर लगाकर सारा पानी खींच लिया जा रहा है। लाइनों में मोटर लगने से अंतिम छोर में रहने वाले लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रशासन और जल संस्थान से लाइनों में मोटर लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पेयजल समस्या सुलझाने की मांग की है। वहीं जल संस्थान के एई पवन बिष्ट का कहना है कि पेयजल लाइनों में मोटर लगाने वाले लोगों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।