चंपावत। विधानसभा उपचुनाव के मतदान से पूर्व शांति और सुरक्षा की दृष्टि से भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी और एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे से भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया गया है। अब इसे 31 मई को मतदान खत्म होने के बाद शाम पांच बजे खोला जाएगा। इस दौरान सीमा पर वाहनों की आवाजाही और पैदल आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी।
आज शाम पांच बजे से 31 मई की शाम पांच बजे तक बंद रहेंगी शराब की दुकानें
चंपावत। विधानसभा उप चुनाव को लेकर रविवार शाम पांच बजे से 31 मई की शाम पांच बजे तक विधानसभा क्षेत्र में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पूर्ण निषिद्ध रहेगा। जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पांडेय ने बताया कि उपचुनाव के दृष्टिगत चंपावत विधानसभा क्षेत्र और चंपावत विधानसभा क्षेत्र की सीमा से लगी आठ किमी परिधि में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व 29 मई की शाम पांच बजे से 31 मई की शाम पांच बजे मतदान समाप्ति तक देसी, विदेशी मदिरा की थोक, फुटकर दुकान, बार अनुज्ञापन, सैन्य कैंटीन आदि पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। तीन जून को मतगणना के दिन भी चंपावत विधानसभा क्षेत्र से लगे आठ किमी क्षेत्र में शराब की दुकानें पूरे दिन बंद रहेंगी।