लोहाघाट (चंपावत)। एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन का नौकरी, पेंशन और आश्रित हित लाभ की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन पांचवें दिन भी जारी रहा। गुरिल्लों ने 10 फरवरी को लोहाघाट में विशाल रैली निकालने का एलान किया है।
शुक्रवार को लोहाघाट में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास क्रमिक अनशन पर बैठे संगठन के धीरज पुनेठा के साथ गुरिल्लाओं ने सरकार से नौकरी, पेंशन और आश्रित हित लाभ की मांग को लेकर नारेबाजी की। गुरिल्ला संगठन के जिलाध्यक्ष ललित बगौली ने कहा कि 17 साल से एसएसबी से प्रशिक्षित गुरिल्ला नौकरी, पेंशन और आश्रित हित लाभ की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनको गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने चंवापत जिले के सभी गुरिल्लों से 10 फरवरी को लोहाघाट में होने वाली रैली में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को सीएम पुष्कर सिंह धामी के लोहाघाट आने पर गुरिल्ला संगठन उन्हें भी ज्ञापन देगा। धरने पर हयात सिंह, दिवान सिंह, भगवत प्रसाद पांडेय, भुवनेश्वरी देवी, लीलावती देवी, सुंदरी देवी, पुष्पा देवी, मदन मोहन, लोकमणी आदि मौजूद रहे।