{"_id":"9538e4cbe17dde3af866b4b697fe1d4d","slug":"gaaga-song-of-kumaon-red-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिटलर के देश में गाना गाएगा कुमाऊं का लाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिटलर के देश में गाना गाएगा कुमाऊं का लाल
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत
Updated Wed, 09 Sep 2015 10:45 PM IST
विज्ञापन
द वॉयस इंडिया का खिताब जीतकर युवा दिलों की धड़कन बन चुके युवा गायक पवनदीप राजन के कुमाऊंनी गीत अब जर्मनी के विभिन्न नगरों में भी गूंजेंगे। पवनदीप राजन 12 सितंबर को मुंबई से हिटलर के देश जर्मनी के लिए रवाना होंगे, जहां वह एक सप्ताह तक यूनिवर्सल ग्रुप की ओर से कई स्थानों में आयोजित स्टेज शो में अपनी प्रस्तुति देंगे। यह शायद पहला मौका है जब कोई कुमाऊंनी गायक यूरोपियन देश जर्मनी में कुमाऊंनी गीतों के स्वर बिखेरेगा।
विज्ञापन
पवनदीप राजन के पिता लोकगायक सुरेश राजन के अनुसार द वॉयस इंडिया का खिताब जीतने के बाद यूनिवर्सल ग्रुप की ओर से अलबम रिकार्डिंग के साथ ही जर्मनी देश में स्टेज शो का अनुबंध हुआ था, जिसके तहत पवनदीप 12 सितंबर को जर्मनी के लिए रवाना होगा। बुधवार को पवनदीप राजन अपने परिजनों के साथ मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वह एक सप्ताह तक विभिन्न नगरों में स्टेज शो कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।
विज्ञापन
पवनदीप की माता भी जाएंगी जर्मनी
पवनदीप के जर्मनी में होने वाले विभिन्न स्टेज शो कार्यक्रमों में उनकी माता सरोज राजन भी शामिल रहेंगी। यूनिवर्सल ग्रुप की ओर से पवनदीप के साथ ही उसकी माता सरोज राजन का भी पासपोर्ट और जर्मनी का वीजा बनाया गया है। स्टेज शो के आयोजकों के अनुसार जर्मनी में प्रवासी भारतीयों में पवनदीप के कार्यक्रम को लेकर उत्साह और इंतजार है।
विज्ञापन