चंपावत/पाटी। शनिवार देर रात डीएम आवास से करीब एक किमी दूर भरछाना वन पंचायत में आग लग गई। वहीं ढकना और चक्कू के जंगल भी रविवार को आग की चपेट में आए। गरसाड़ी में एक मकान जंगल की आग की चपेट में आ गया। जिले में करीब दो हेक्टेअर क्षेत्र वन संपदा नष्ट हुई।
शनिवार रात पाटी ब्लॉक के गरसाड़ी गांव में नंदा बल्लभ जोशी के बंद पड़ा मकान मकान आग की चपेट में आ गया। आग से अलमारी, बिस्तर, बर्तन सहित तमाम सामान नष्ट हो गया। आग बुझाने में लक्ष्मीदत्त, देवकी, ललित जोशी, भैरव दत्त, भाष्कर जोशी आदि ने सहयोग दिया। जंगलों के लगातार धधकने से वन्य प्राणियों और कीट, पतंगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंच वन विभाग की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इधर, रेंजर हेम चंद्र गहतोड़ी ने कहा कि लोगों का सहयोग नहीं मिलने से आग बुझाने में दुश्वारी आ रही है। उन्होंने जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।