{"_id":"5a4bbb9a4f1c1b5c0c8b64fe","slug":"financial-sanction-for-base-hospital-should-be-provided","type":"story","status":"publish","title_hn":"बेस अस्पताल के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बेस अस्पताल के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत
Updated Tue, 02 Jan 2018 10:34 PM IST
विज्ञापन
चंपावत में प्रदर्शन करते संघर्ष समिति के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत विकास एवं संघर्ष समिति ने जिले की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर मोटर स्टेशन पर एक दिनी धरना देकर प्रदर्शन किया। समिति सदस्यों ने मुख्यालय में प्रशासनिक रूप से स्वीकृत बेस अस्पताल को वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने और भवन निर्माण के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम की अवशेष भूमि चिकित्सा विभाग को हस्तांतरित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। बाद में सीएम को संबोधित 13 सूत्री ज्ञापन डीएम डॉ. अहमद इकबाल को सौंपा गया।
विज्ञापन
ज्ञापन में समिति सदस्यों ने जिला मुख्यालय में अलग से एआरटीओ कार्यालय की स्थापना किए जाने, चंपावत-ढकना-धामीसौन-खेतीखान, सैदोलाबोरा-ललुवापानी लिंक व नरसिंहडांडा-गुरौली मोटर मार्गों को स्वीकृति प्रदान करने, स्टेडियम का निर्माण करने, चंपावत डिग्री कॉलेज में विज्ञान और एमएससी संकाय खोलने, सीवर लाइन का निर्माण किए जाने, चंपावत आईटीआई में नए व्यावसायिक ट्रेड संचालित करने, निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के लिए भवन और पदों की स्वीकृति प्रदान करने, प्रस्तावित जेल की भूमि को अन्यत्र स्थानांतरित करने, आधार कार्ड बनाने के तीन केंद्र संचालित करने तथा नगर पालिका में गोचर की जमीन का सरकारी उपयोग किए जाने आदि मांगें की हैं।
विज्ञापन
संघर्ष समिति अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन करने वालों में हरेंद्र बोहरा, नारायण राम टम्टा, रमेश चंद्र पुनेठा, हरीश सिंह चौधरी, प्रताप सिंह बिष्ट, मोहन चौधरी, दयाकिशन पांडेय, रमेश सिंह मनराल, हयात सिंह बोहरा आदि थे। वहीं, धरना स्थल पर चंपावत विकास एवं संघर्ष समिति की सभा में वर्तमान में रोडवेज स्टेशन निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किए जाने को लेकर डीएम डॉ. अहमद इकबाल का आभार जताया गया।
विज्ञापन