बनबसा (चंपावत)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पर्यावरण मित्रों ने नगर पंचायत अध्यक्षा रेनू अग्रवाल और ईओ प्रियंका रैक्वाल को ज्ञापन सौंपकर तीन माह के मानदेय और मार्च तक के ईपीएफ का भुगतान कराने की मांग की है। मांगें नहीं मानने पर 25 मार्च (आज) से संपूर्ण कार्य बहिष्कार पर जाने की चेतावनी दी है।
नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों ने का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं के तहत 22 मार्च को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें जनवरी 2022 से मार्च 22 तक का मानदेय और प्रत्येक पर्यावरण मित्र का रुका ईपीएफ का भुगतान करने बाबत लिखा गया था। कहा कि ठेकेदार पब्लिक एसोसिएट कंपनी रुद्रपुर द्वारा जीओ के आधार पर प्रतिमाह का मानदेय और ईपीएफ का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ठेकेदार केवल आश्वासन दे रहा है। उन्होंने शीघ्र भुगतान नही करने पर 25 मार्च से कार्य बहिष्कार पर जाने का निर्णय लिया है। ज्ञापन में शाखामंत्री अरुण कुमार वाल्मीकि, महेंद्रपाल, नरेश विश्वकर्मा, सौरभ, सोनी देवी, लक्ष्मी देवी, नीलम देवी, कमलेश देवी आदि के हस्ताक्षर हैं। ईओ प्रियंका रैक्वाल ने बताया कि पूर्णागिरि मेले को देखते हुए साफ सफाई व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर ठेकेदार को चौबीस घंटों में मामले का निस्तारण करने के तहत नोटिस भेजा गया है। संवाद