चंपावत। आज के दौर में जहां एक-एक रुपये के लिए लोगों को ईमान डगमगा जाता है, वहीं स्वांला निवासी एक युवक ने इमानदारी की मिसाल पेश की है। राजकीय डिग्री कॉलेज से स्नातक कर रहे छात्र पवन भट्ट को स्वांला के पास पौने दो लाख रुपये से भरा एक हैंडबैग मिला। पहचान बताने पर उन्होंने टनकपुर के व्यापारी को बैग लौटा दिया। पवन के पावन मन को सभी सलाम कर रहे हैं।
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यहां से 22 किलोमीटर दूर स्वांला के पास एक होटल के नजदीक शनिवार सुबह 7:30 बजे स्वांला के रहने वाले बीए के छात्र पवन भट्ट को बीच सड़क पर एक बैग मिला। उन्होंने बैग के बारे में अपने भाई बीडीसी सदस्य हेम भट्ट को बताया। बैग में 1.75 लाख रुपये देखकर दोनों भाइयों ने तय किया कि बैग पुलिस के हवाले कर दिया जाए। दोनों कोतवाली जाने के लिए वाहन का इंतजार कर ही रहे थे, तभी एक बाइक से मौके पर एक व्यापारी आया जो काफी परेशान लग रहा था। उसने हेम और पवन को बैग गिरने के बारे में बताया। पवन ने व्यापारी से बैग का रंग, पहचान और राशि बताने को कहा। जवाब से संतुष्ट होकर दोनों भाइयों ने नोटों से भरा बैग व्यापारी को दे दिया। व्यापारी ने दोनों भाइयों को इनाम देने की पेशकश की, लेकिन उन्होंने इसे अपनी जिम्मेदारी बताते हुए इनाम लेने से विनम्रतापूर्वक मना कर दिया।