लोहाघाट (चंपावत)। अनुबंध नवीनीकरण के विरोध में रोडवेज संविदा चालकों का धरना प्रदर्शन 25वें दिन भी जारी रहा। आक्रोशित संविदा चालकों ने निगम प्रबंधन पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए शीघ्र अनुबंध नवीनीकरण का फरमान वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को गोपाल गिरी के नेतृत्व में संविदा चालकों ने रोडवेज परिसर में अनुबंध नवीनीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। चालकों का कहना था कि निगम प्रबंधन की ओर से संविदा चालक परिचालकों से उनके अनुबंध नवीनीकरण के लिए मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। अनुबंध नवीनीकरण न करने वाले चालक परिचालकों को 10 जून से ड्यूटी नहीं दी जा रही है। आक्रोशित चालकों ने निगम प्रबंधन की ओर से अपना फरमान वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में अमर सिंह, ललित मोहन जोशी, हरीश चंद्र जोशी, मदन सिंह कुंवर, नंदन सिंह, दीवान सिंह, देवकीनंदन जोशी आदि शामिल रहे।