बनबसा (चंपावत)। अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष (राज्यमंत्री) मुकेश कुमार ने आंबेडकर ग्राम फागपुर में जनसुनवाई हुई। इसकार्यक्रम में ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। बताया कि दो माह में ही पात्रों को बीपीएल राशन कार्ड मिल जाऐंगे। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने को अधिकारियों से ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाने में सक्षम ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
फागपुर स्कूल प्रांगण में हुई जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीणों ने समस्याएं रखीं। उपप्रधान खुशाल राम ने गांव में बनी लोनिवि और समाज कल्याण विभाग की अधूरी सड़क को पूरा कराने, गांव के मुख्य संपर्क मार्ग में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने, सीसी बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना को 36 चयनित परिवारों में से केवल सात को सुविधा मिलने पर नाराजगी जता शेष को शीघ्र आवास सुविधा दिलाने, प्राइमरी स्कूल के क्षतिग्रस्त भवन का पुनर्निर्माण कराने, गोशाला निर्माण का ग्रामीणों को पूर्ण भुगतान कराने, घर-घर पेयजल पहुंचाने, पात्रों को बीपीएल राशन कार्ड दिलाने की मांग की। नायब तहसीलदार पिंकी आर्य एवं समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम प्रधान हर्ष बहादुर चंद की अध्यक्षता में विधि एवं परीक्षा अधिकारी द्वारिका शर्मा ने संचालन किया। वहां सहायक समाज कल्याण अधिकारी जितेंद्र चंद, दीपक गहतोड़ी, बीडीसी सदस्य ललिता देवी, पशु चिकित्सक डॉ. अमित कुमार, ग्राम विकास अधिकारी तपन गड़कोटी आदि थे।