चंपावत। प्रदेश सरकार के चार साल पूर्ण होने पर 18 मार्च को सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास के चार साल बातें कम काम ज्यादा की थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में शनिवार को जिला सभागार में डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। सीडीओ आरएस रावत ने बताया कि कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित विधायकों की ओर से की जाएगी। इसके लिए समितियों का गठन किया गया है।
लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में नगर पंचायत मैदान तथा चंपावत विधानसभा क्षेत्र में गांधी ग्राउंड टनकपुर में सुबह11 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम स्थल में परंपरागत वाद्ययंत्रों की रैली निकाली जाएगी, इस रैली में लगभग 100 वाद्ययंत्रों को बजाने वाले कलाकारों को बुलाया जाएगा। डीएम ने कहा कार्यक्रम स्थल पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएं तथा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का पूर्व में स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। बैठक में डीएफओ मयंक शेखर झा, एसडीएम आरसी गौतम, सीईओ आरसी पुरोहित, परियोजना निदेशक हेमंती गुंज्याल, मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती, जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अशोक गुंटी आदि मौजूद थे।