चंपावत/लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरात में शामिल एक जीप देवराड़ीबैंड में बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में पंडित सहित तीन लोग चोटिल हो गए। इससे आठ बराती बाल-बाल बच गए। पिथौरागढ़ से टनकपुर जा रहे कर्मचारी संगठन के नेता बिजेंद्र लुंठी ने घायलों की मदद कर आपात सेवा 108 को जानकारी दी। घायलों को तुरंत ही लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उच्च केंद्र रेफर कर दिया। हादसे की वजह का पता नहीं लग सका है।
लोहाघाट के थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि जीप यूके 05 टीए 2565 बृहस्पतिवार को बरातियों को पिथौरागढ़ से खटीमा ले जा रही थी। दोपहर दो बजे देवराड़ीबैंड के पास जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना में पंडित बसंतबल्लभ जोशी (57) पुत्र जनार्दन जोशी निवासी नाकोट रतवाड़ी पिथौरागढ़, चालक दिनेश जोशी (32) पुत्र जमुनादत्त निवासी दिगतोली पिथौरागढ़ और चालक की मां तुलसी देवी (65) पत्नी जमुना दत्त निवासी दिगतोली चोटिल हो गए। उप जिला अस्पताल के डॉ. ज्ञानप्रकाश, डॉ. रवींद्र बोहरा, फार्मेसिस्ट मुकुल राय, किरन जोशी, सुनीता पाटनी, दीपक बिष्ट ने घायलों का इलाज किया। चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि तीनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दरोगा देवेंद्र मेहता, मंदाकिनी राणा, पुलिस की चीता टीम के राजेंद्र गिरि, राम लाल ने बचाव और राहत कार्य किया।