चंपावत। जिला योजना के तहत पर्यटन विभाग तथा रियल एडवेंचर लोहाघाट, एडवेंचर लवर्स सोसाइटी पिथौरागढ़ की ओर से गोरलचौड़ मैदान में आयोजित हॉट एयर बैलूनिंग प्रशिक्षण के अंतिम दिन 20 प्रतिभागियों ने उड़ान भरी। समापन में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि हेमंत कुमार गंगवार पर्यटन विभाग के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि इससे साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा।
समापन में बताया गया कि तीन दिन तक चले इस प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों से कुल 70 प्रतिभागियों ने बैलून के जरिये हवा में उड़ान भरी व पूरे शहर का दीदार किया। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने कहा कि चंपावत जिले में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस अवसर पर अमित सैनी सूर्यप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के खीमानंद जोशी, आंनद तथा रियल संस्था के निदेशक आशीष जोशी के साथ एडवेंचर लवर्स पिथौरागढ़ के मुख्य पायलट अशोक भंडारी के साथ राजेंद्र पुनेड़ा सुरेश भट्ट, रितेश राय, कपिल राय, सुनील जोशी आदि उपस्थित रहे।