सेलंग गांव में 61 साल बाद विश्वकर्मा जागर मेले का शुभारंभ हुआ। तीन दिनों तक होने वाले इस मेले में सोमवार को 36 घंटे तक अखंड जागर गायन हुआ। ग्राम पंचायत किमाणा, गणाई व सेलंग के आराध्य देवता विश्वकर्मा के अवतारी पुरुषों का मिलन हुआ। धार्मिक आयोजन को देखने के लिए विभिन्न गांवों के श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं।
जागर गायन के विशेषज्ञ मल्ली टंगणी गांव के गेडू लाल की जागर शैली पर देव पश्वा जमकर थिरके। मेला स्थल पर विश्वकर्मा देवता की विधिवत पूजा की गई। मेला कमेटी अध्यक्ष शिशुपाल सिंह भंडारी का कहना है कि किन्हीं कारणों से लंबे अंतराल तक विश्वकर्मा जागर मेले का आयोजन नहीं हो पाया। अब सभी गांवों की आपसी सहमति से 61 साल बाद यह मेला आयोजित हो रहा है। इस मौके पर महादीप पंवार, सुखदेव सिंह, संतोष लाल और विजय लाल आदि मौजूद थे।