ब्लॉक मुख्यालय जोशीमठ में बुधवार से दो दिवसीय हथकरघा हस्तशिल्प मेला शुरू हो गया है। मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और एफपीओ (कृषक उत्पाद संगठन) की ओर से तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। जनमैत्री कल्पघाटी, युवा समिति उर्गम जोशीमठ और नाबार्ड के सहयोग से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। एसडीएम जोशीमठ कुमकुम जोशी ने मेले का शुभारंभ किया।
इस दौरान एसडीएम ने समूहों की महिलाओं और एफपीओ के स्टॉलों पर जाकर उनका उत्साहवर्द्धन करते हुए कई हथकरघा उत्पाद भी खरीदे। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अभिनव कापड़ी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। नाबार्ड जिले में स्थानीय समूहों को मार्केटिंग में हरसंभव मदद करेगा। जन मैत्री संस्था के सचिव प्रदीप चौहान ने बताया कि पहले दिन स्टालों से लगभग 11 हजार 700 के उत्पाद की बिक्री हुई। इस दौरान सुनील तिवारी, जितेंद्र, अभिषेक, चंदा और उत्तम सहित बैंकों के अधिकारी और कर्मचारियों की उपस्थिति रहे।