{"_id":"580f8b6e4f1c1b944ebc2888","slug":"officers-arrived-bdc-boycott","type":"story","status":"publish","title_hn":"नहीं पहुंचे अधिकारी, बीडीसी बैठक का बहिष्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नहीं पहुंचे अधिकारी, बीडीसी बैठक का बहिष्कार
ब्यूरो/अमर उजाला, चमोली (गोपेश्वर)
Updated Tue, 25 Oct 2016 10:12 PM IST
विज्ञापन
क्षेत्र पंचायत जोशीमठ की त्रैमासिक बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न पहुंचने पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार कर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि बीडीसी बैठक में अधिकारियों के न आने से यह सिर्फ मजाक बन कर रह गई है।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत के जिले से बाहर होने के कारण मंगलवार सुबह ग्यारह बजे ज्येष्ठ प्रमुख मधु देवी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक शुरू हुई। जब साढ़े ग्यारह बजे तक जिलास्तरीय अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे तो प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी ने बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया।
विज्ञापन
इसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य और प्रधानगण शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर सदन से बाहर आ गए। ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने कहा कि बीडीसी बैठक की अपनी गरिमा होती है। बैठक में विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा होती है, लेकिन अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने से पंचायत प्रतिनिधियों का मजाक बन गया है।
विज्ञापन
ज्येष्ठ प्रमुख मधु देवी ने कहा कि बीडीसी सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गई है। इस मौके पर बीडीओ बीएस बजवाल, प्रधान विजया देवी, धर्मपाल बजवाल, बनवारी लाल, कविता डंगवाल, गुलाबी देवी, आशा देवी, संग्राम सिंह, नर्वदा देवी, चिंता देवी, हेमा देवी, मुन्नी देवी और राजमती आदि मौजूद थे।
कोट
कलेक्ट्रेट में निर्वाचन और जिला स्तरीय गौचर मेले की बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य थी। बावजूद इसके विभागों की ओर से यथासंभव जोशीमठ क्षेत्र पंचायत की बैठक में अधिकारियों को भेजा गया था। - विनोद कुमार सुमन, डीएम, चमोली।