{"_id":"6485e40afdc17175fd05cf48","slug":"if-the-administration-did-not-listen-the-villagers-gopeshwar-news-c-5-1-drn1030-176284-2023-06-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chamoli News: प्रशासन ने नहीं सुनीं तो खुद पैदल मार्ग दुरुस्त करने में जुट गए ग्रामीण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chamoli News: प्रशासन ने नहीं सुनीं तो खुद पैदल मार्ग दुरुस्त करने में जुट गए ग्रामीण
विज्ञापन
विज्ञापन
सड़क कटिंग से ध्वस्त हो गया था पिलखी गांव का पैदल रास्ता
पिलखी गांव का पैदल रास्ता दुरुस्त करने के लिए ग्रामीणों ने कई बार विभाग और प्रशासन से कहा। मगर इस संबंध में कोई कार्रवाई न होता देख उर्गम घाटी के पिलखी गांव के ग्रामीण एकजुट हुए और गैंती, सब्बल और फावड़ा उठाकर श्रमदान करके पैदल मार्ग दुरुस्त करने में जुट गए। पहले दिन ग्रामीणों ने करीब आधा किमी तक रास्ते का सुधारीकरण किया। पूरा रास्ता दुरुस्त करने में ग्रामीणों को दो दिन का समय और लगेगा।
पीएमजीएसवाई की ओर से बनाई जा रही भर्की, भेंटा चक उर्गम सड़क कटिंग से पिलखी गांव का पैदल रास्ते का काफी हिस्सा ध्वस्त हो गया था जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने विभाग और प्रशासन से कई बार रास्ता दुरुस्त करने की मांग की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद गैंती, सब्बल और फावड़ा उठाकर रास्ता दुरुस्त करना शुरू कर दिया। युवक मंगल दल अध्यक्ष नंदा सिंह नेगी ने बताया कि अभी रास्ते को ठीक करने में दो दिन और लगेंगे। कहा कि सरकार को तीन किमी पैदल रास्ते को बनाने के लिए अलग से बजट स्वीकृत करना चाहिए। श्रमदान करने वालों में भोला सिंह नेगी, अमर सिंह, धर्म सिंह, भागीरथी देवी, कुंवर सिंह नेगी, भरत सिंह, लक्ष्मण सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह, दर्शन सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
विज्ञापन
पीएमजीएसवाई के ईई पीआर चमोली का कहना है कि सड़क निर्माण की हिल कटिंग के कारण पैदल रास्ता क्षतिग्रस्त हुआ है। इसको ठीक किया जाएगा। इस संबंध में ग्रामीणों से बात की जाएगी।
विज्ञापन