जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बृहस्पतिवार को मंडल घाटी स्थित बैरागना मत्स्य प्रजनन केंद्र का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकाधिक लोगों को मत्स्य पालन से जोड़ने और बैरागना मत्स्य प्रजनन केंद्र को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मत्स्य पालन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं को मछली से विभिन्न प्रकार के फूड, अचार इत्यादि बनाने का भी प्रशिक्षण दिया जाए। इसके लिए केंद्रीय मत्स्य पालन संस्थान से प्रशिक्षक की व्यवस्था की जाए। ताकि मछली पालन से जुड़े किसानों को अधिक फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल चोपता व मंडल में मत्स्य प्रजनन केंद्र की ओर से फूड कैफे संचालित किए जाएं ताकि यहां पर पर्यटक गतिविधियां बढ़ाई जाएं। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी वरुण चौधरी, सहायक निरीक्षक मत्स्य जगदंबा कुमार, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह बर्त्वाल, ग्राम प्रधान आशा देवी, तारा ह्यांकी के साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद थी।