छिनका के ग्रामीणों ने एक साल से पानी की आपूर्ति बंद होने पर बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम स्वाति एस भदौरिया को ज्ञापन सौंपकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने और एक साल से पानी नहीं आने पर भेजे गए बिल शून्य करने की भी मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत के तोक गांव चौधरियाणा, छिनका अपर, बंपालधार, चमेली, नौरी, सती मोहल्ला बाजार सहित अन्य तोकों में पानी नहीं आ रहा है। गांव के लिए पाटीगदेरा गणजेश्वर मंदिर के स्रोत से पेयजल लाइन बिछाई गई है, लेकिन डुंग्री-नौरी सड़क निर्माण के कारण यह लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई। स्रोत का मुख्य टैंक क्षतिग्रस्त होने से अक्तूबर 2019 से गांव में पानी की आपूर्ति बंद है। ऐसे में ग्रामीण सिंचाई नहर से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। करीब 1500 की आबादी पानी के लिए परेशान है। पानी नहीं आने की अवधि के बिल भी लगातार भेजे जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में रोशन गुसाईं, गजेंद्र प्रसाद, यशवंत सिंह, रणीजीत सिंह, प्रशांत सती, केदार सिंह, उपेंद्र सिंह, आयुष सती, प्रकाश, मनोज, जितेंद्र, पंकज आदि शामिल थे।