नगर पंचायत की ओर से पॉलिथीन में सामान देने पर चालान किए जाने से गुस्साए व्यापारियों ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक दुकानें बंद रखीं और नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। कहा कि व्यापारियों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
गत बृहस्पतिवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की अगुवाई में टीम ने कई दुकानों में छापा मारकर पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे व्यापार संघ अध्यक्ष सहित आठ व्यापारियों का चालान कर 100-100 रुपये चालान वसूल किया था। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया। नपं अधिशासी अधिकारी गुरुदीप आर्य ने कहा कि उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन किया गया है। पॉलिथीन का प्रयोग करते हुए कोई भी पकड़ा गया तो उस पर विधिवत कार्यवाही की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, गोविंदबल्लभ काला, धन सिंह, रणजीत सिंह, राम उप्रेती दान सिंह आदि व्यापारी मौजूद थे।