फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Chamoli News ›   महंगाई की मार से व्यापारी मायूस

महंगाई की मार से व्यापारी मायूस

Tue, 13 Nov 2012 12:00 PM IST
Chamoli
Chamoli Updated Tue, 13 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
गोपेश्वर। छोटी दीपावली पर सोमवार को बस स्टैंड और मंदिर मार्ग बाजार में दुकानें दुल्हन की तरह सजी रहीं। सुबह से ही गांव-गांव से लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई लेकिन पटाखों और बिजली की लड़ियों के साथ ही मिठाइयों के आसमान छू रहे दामों के चलते पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सामानों की बिक्री में आई कमी से व्यापारी भी काफी मायूस दिखे। खुद व्यापारी भी मान रहे हैं कि सामानों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्वि के चलते इस बार अपेक्षा से कम मात्रा में सामान की बिक्री हो रही है।
विज्ञापन


मैैं हर वर्ष दीपावली पर नाना प्रकार की बिजली की लड़ियों के साथ ही पटाखों से दुकान को सजाता हू्ं। इस बार भी काफी सामान मंगवाया लेकिन महंगाई के चलते कम ही सामान बिक रहा है। -आयुष चौहान, व्यवसायी, मंदिर मार्ग गोपेश्वर।
विज्ञापन


हमने मुख्य बाजार में दुकान लगाई ताकि गांव-गांव से आने वाले ग्रामीणों को आसानी से दीपावली का सामान मिल लाए लेकिन खुद हम ही परेशान हैं कि जिस बिजली की माला की कीमत पिछले वर्ष 60 रुपए थी वह आज 120 से 150 रुपये हो गई है। -समीर थम्मन, व्यापारी, गोपेश्वर।
विज्ञापन
विज्ञापन


दीपावली पर्व ही नहीं बल्कि हर पर्व पर महंगाई ने लोगों की खुशियां छीन ली हैं। गांवों के गरीब तबके का व्यक्ति दुकान से सामान खरीदने से पहले पूछ रहा है कि सामान का मूल्य क्या है। निश्चित तौर पर बढ़ी महंगाई से हमारा व्यवसाय भी प्रभावित हुआ है।
-अतुल शाह, व्यवसायी, पीपलकोटी।

इस बार हमने दीपावली का सामान कम मंगाया है लेकिन महंगाई के चलते यह सामान भी नहीं बिक पा रहा है। मूल्यों में इतनी वृद्धि हो गई है कि इन्हें खरीदना आम आदमी के लिए मुश्किल हो रहा है।
-बुद्धि प्रसाद त्रिपाठी, व्यापारी इंदिरा मार्केट, गोपेश्वर।

फोटो फाइल नेम- 12 जीओपी- 05 व 06 जेपीजी
छोटी दीपावली पर बाजारों में उमड़ी भीड़
गोपेश्वर/चमोली। छोटी दीपावली पर सोमवार को बाजार में खूब भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के गांवों से ग्रामीण सुबह से ही खरीदारी करने यहां पहुंचे। बस स्टैंड, इंदिरा मार्केट और मंदिर मार्ग बाजार में दिन भर लोगों का तांता लगा रहा। भीड़-भाड़ को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन द्वारा भी मंदिर मार्ग बाजार में वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। प्रशासन के आदेश पर इस बार व्यवसायियों द्वारा बस स्टैंड पर ही पटाखों की दुकानें संचालित की गईं। गुनगुनी धूप और खुशनुमा हो चले मौसम के बीच लोगों ने दीपावली की खरीददारी की। मोली बाजार में भी छोटी दीपावली के पर्व पर सुबह से ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों ने जमकर पटाखे और मिठाइयों की खरीददारी की।

दीपावली की छाई रौनक, खूब बिकी मिठाइयां और पटाखे
कोटद्वार/लैंसडौन। शहर में चारों ओर दीपावली की रौनक है। पूरा शहर लोगों की भीड़ से भरा रहा। लोगाें ने जमकर खरीदारी की। सोमवार सुबह से ही झंडाचौक और आस-पास लोगों की भीड़ उमड़ी रही। किसी ने मिठाई, किसी ने पटाखे और किसी ने दिये खरीदे। बाजार में स्थिति यह रही कि लोगों को पैदल चले के लिए भी जगह नहीं मिली। हालांकि पुलिस कर्मी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे लेकिन जाम इतना ज्यादा थी कि वाहनों को नगर पालिका से नजीबाबाद चौक तक आने में 15 मिनट लगे जबकि जबकि सामान्य दिनों में सिर्फ चार मिनट लगते हैं। वहीं त्योहार पर शहर के अधिकांश एटीएम में पैसे खत्म हो चुके थे। जिन एटीएम में पैसा था वहां लोगों की लंबी लाइनें लगी रहीं। दूसरी ओर अंग्रेजी शराब की भी खूब बिक्री हुई। वहीं लैंसडौन में छावनी नगर में इस वर्ष दीपावली का लोगों में उत्साह नहीं दिखा। धनतेरस पर भी शाम तक दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे।
कोतवाली में कराया हवन
कोटद्वार। कोतवाली में सोमवार को छोटी दीपावली पर हवन कराया गया। थाना कोटद्वार में ऐसा पहली बार हुआ है। हवन के बाद सबको मिठाई बांटी गई। इस मौके पर कोतवाल अंशु चौधरी ने सभी पुलिस कर्मियों को टिफिन और थरमस बांटे। कोतवाल अंशु चौधरी ने बताया कि हवन कराने का उद्देश्य दीपों के इस त्योहार को एक परिवार की तरह मिलकर मनाने का है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर पुलिस कर्मी छुट्टी नहीं जा पाते त्योहार पर उनकी ड्यूटी लगी रहती है ऐसे में सभी ने मिलकर दिन में दीपावली का त्योहार मनाया।

मिलावटी सामग्री के खिलाफ चेकिंग
लंबगांव (टिहरी)। दीपावली के मौके पर मिलावटी वस्तुओं के खिलाफ लंबगांव बाजार में एसडीएम ने कई दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान दुकानदारों में हड़बड़ी रही। खरीदारी के लिए बाजार में लगी भीड़ से बाजार में जाम से भी लोग परेशान रहे। दीवाली में मिलावटी सामान की धरपकड़ के लिए एसडीएम देवानंद शर्मा ने मिठाइयों की दुकानों पर छापे मारे। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी जांच-परखकर ही सामान लेने की अपील की। दीवाली के मौके पर बाजार में उमड़ी भीड़ से बाजार में पल-पल जाम लगता रहा।

लोगों ने जमकर की खरीदारी
पौड़ी। दीपावली पर्व पर पौड़ी शहर की बाजारों में सोमवार को भी चहल पहल रही। लोगों ने आतिशबाजी और पूजा के सामान की जमकर खरीददारी की। बस स्टेशन, धारा रोड, अपर बाजार समेत विभिन्न स्थानों लगी खीले, बताशे और पूजा के सामान की दुकानों में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी। दीपावली पर्व पर खरीदारी करने को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।



बर्त परंपरा निवर्हन की तैयारी में जुटे ग्रामीण
दीपावली पर होगा समुद्र मंथन और देवासुर संग्राम का मंचन
अगस्त्यमुनि। मंदाकिनी घाटी में दीपावली के अवसर पर गांवाें में समुद्र मंथन की पवित्र परंपरा बर्त का स्थानीय रीति-रिवाज के साथ निर्वहन किया जाएगा। बर्त परंपरा में ग्रामीणाें द्वारा शेषनाग अवतार और समुद्र मंथन के दौरान देवासुर संग्राम का मंचन किया जाता है।
मंदाकिनी घाटी के बेंजी गांव में बर्त परंपरा फलासी के नाग का प्रतीक मानी जाती है। इस परंपरा में ढोल दमाऊं की थापाें के साथ स्थानीय युवकाें द्वारा स्थानीय घास (बबला) को काटकर तकरीबन 40-50 हाथ लंबी रस्सी को बुनकर शेषनाग की आकृति दी जाती है। जिसके पहले सिरे पर शेषनाग की आकृति उकेरी जाती है। इसके बाद परंपरानुसार इसे गांव स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से स्नान कराकर तुंगनाथ मंदिर में वैदिक मंत्राें के साथ पूजा जाता है। बाद में युवाआें द्वारा बर्त नृत्य के साथ समुद्र मंथन के प्रतीक रूप में रस्साकसी का आयोजन किया जाता है। इसके बाद इसे पंचायती चौक स्थित पवित्र शिला में रखकर ग्यारह दिनाें के बाद आने एकादशी बग्वाल तक पूजा जाता है। एकादशी के दिन पुन: बर्त नृत्य के साथ इसे प्रसाद स्वरूप स्थानीय निवासियाें में बांटा जाता है।



अगस्त्यमुनि मंदिर में बलिराजा उत्सव आज
अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध अगस्त्य ऋषि मंदिर परिसर में दीपावली का पर्व पर खास तौर-तरीकों से मनाया जाता है। मुख्य नगर सहित आसपास के गांवों में दीपावली के लिए प्रथम दीपक ले जाने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं।
मान्यता है कि अगस्त्य मंदिर से लाए हुए दीये से अपने घर में रोशनी करने से ईष्ट कृपा, मां लक्ष्मी के वास के साथ-साथ सुख-समृद्धि का भी आगमन होता है। दीपावली के मौके पर शाम चार बजे शुरू होने वाली बलिराजा पूजा देश भर में इसी मंदिर में होती है। मंदिर मठाधीश अनुसूया प्रसाद ने बताया कि भगवान विष्णु के वामन अवतार की पूजा के लिए मंदिर परिसर में चावल और धान के दानों से भगवान वामन, दानवीर राजा बलि तथा गुरु शुक्राचार्य आदि की आकृतियां उकेरी जाती हैं। इस अनुष्ठान के पीछे राजा बलि द्वारा दान देने और भगवान वामन द्वारा तीन पग में तीनों लोक नापने तथा राजा बलि को पाताल में आश्रय देने की घटना है। इस आयोजन के बाद मंदिर में बड़ी आरती का भव्य आयोजन तथा दीपोत्सव शुरू होता है। जिसके लिए श्रद्धालुओं में बड़ा उत्साह देखा जाता है।

दीपावली को प्रदूषण मुक्त करने का लिया संकल्प
उत्तरकाशी। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर पवित्रा लीला बाल वाटिका जोशियाड़ा के छात्र-छात्राओं ने दीपावली को प्रदूषण मुक्त कराने का संकल्प लिया। पर्यावरण को ध्यान में रखने के लिए सभी बच्चों ने मोमबती के स्थान पर मिट्टियों के दीपक जलाने का भी संकल्प के साथ ही विद्यालय में रंगोली फूल मालाएं बना कर दीपावली का पर्व मनाया इस अवसर पर हेमलता, संतोषी रावत, पार्वती, विजेंद्र पैन्यूली, रेशमा आदि ने विचार व्यक्त किए।


महंगाई से पटाखा बाजार फुस्स
भारी भीड़ के बावजूद बाजार में रही मंदी
कर्णप्रयाग। इस बार बाजार में भीड़ उमड़ने के बावजूद अपेक्षा के अनुरूप सामान की बिक्री नहीं होने के बावजूद दुकानदारों में मायूसी छाई हुई है। दुकानदार इसे महंगाई की मार मानने के साथ ही क्षेत्रों में आयोजित हो रहे मेलों और शादियों को भी बिक्री कम होने का कारण मान रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार गत वर्ष की अपेक्षा इस बार बाजार 15-20 प्रतिशत मंदा है। हालांकि सर्राफा बाजार को संतोषजनक बताया रहा है। रविवार और सोमवार को वाहनों और मिठाई की खूब खरीदारी हुई पर पटाखा और बर्तन की दुकानों में देर रात तक रहने वाली भीड़ नदारद रही।
बर्तन विक्रेता नरेंद्र पाल ने कहा कि महंगाई के चलते इस बार त्योहारी सीजन मंदा है। पटाखे की दुकान कर रहे मोहन सिंह नेगी ने बताया कि गत वर्ष जो पटाखे 250 तक मिलते थे वह इस साल 300 से 350 रुपये में मिल रहे हैं।

हालांकि सर्राफा व्यापारी सुनीता ज्वैलर्स ने अनुसार धनतेरस का बाजार संतुलित रहा। खील-बतासों में इस साल उछाल रही। एक अनुमान के मुताबिक कर्णप्रयाग और आसपास करीब 30 लाख से अधिक पटाखों की थोक बिक्री हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed