बागेश्वर। मालता-छतीना मोटर मार्ग निर्माण की मांग के लिए ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। जल्द सड़क का निर्माण करा ग्रामीणों को जरूरी सुविधा दिलाने की मांग की।
छतीना के ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से गांव को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग की जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीणों को वाहन सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। गांव के सब्जी और दुग्ध उत्पादकों को अपने उत्पाद बेचने के लिए पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। कहा कि जिला मुख्यालय के पास का गांव होने के बावजूद लोगों की मूलभूत समस्याओं का निदान नहीं हो रहा है। विभाग से बात करने पर सड़क की स्वीकृति, वन मामले निपटाने, सड़क निर्माण से संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन कराने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द मोटर मार्ग के लिए बजट का प्रावधान कर निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रोहणी देवी, भुवन जोशी, गणेश सिंह, चंदन सिंह, रतन सिंह, केशर सिंह, भवान सिंह आदि रहे। संवाद