बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए लाई जा रही हरियाणा मार्का 35 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ बैजनाथ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बैजनाथ के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट टीम के साथ सोमवार रात भेटा गांव के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान आर्टिगा कार (यूपी16ईटी4137) की चेकिंग की गई। इसमें हरियाणा मार्का 35 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
कार में सवार नोएडा के भगेल सेक्टर 110 निवासी घनश्याम लाल और सराफा वार्ड, थाना सेक्टर 49, नोएडा निवासी नितिन उपाध्याय शराब से संबंधित कागजात नहीं दिखा पाए। इस पर पुलिस ने कार समेत शराब भी जब्त कर ली। नामजद रिपोर्ट दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया। टीम में सोबन सिंह, जीवन चंद्र पांडे, राजेशभट्ट, लक्ष्मण सिंह, बसंत लाल, हिम्मत लाल शामिल थे।