बागेश्वर। पुलिस लाइन में मेंटल हेल्थ एवं वेलनेस सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में पुलिस कर्मियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के टिप्स दिए गए। कर्मचारियों को नशे और तनाव से दूर रहने और निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
सेमिनार का शुभारंभ करते हुए डीएसपी विपिन चंद्र पंत ने कहा कि नशा तनाव और मानसिक अशांति देता है। नशे से शारीरिक और मानसिक बीमारियां बढ़ती हैं और पारिवारिक जीवन भी प्रभावित होता है। कहा कि बेहतर नींद और संयमित जीवनशैली से मानसिक और शारीरिक परेशानियों से बचा जा सकता है। कर्मचारियों को मानसिक शांति के लिए सकारात्मक बनने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, दूसरों की मदद करने, पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रधान लिपिक सुहेल अनवर शम्सी ने किया। वहां पर सीओ शिवराज सिंह राणा, अंकित कंडारी, निरीक्षक शिवराज सिंह बिष्ट आदि थे।