बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग में समायोजन या सेवा विस्तार करने की मांग को लेकर उपनल कर्मचारी आंदोलन पर डटे हैं। कोविड उपनल कर्मियों ने सेवा विस्तार, समायोजन की मांग को लेकर बुधवार को भी कलक्ट्रेट में धरना दिया।
कर्मचारियों ने कहा कि वे लोग दो साल से स्वास्थ्य विभाग में सेवा दे रहे थे। कोविड काल में उन लोगों ने दिन रात काम किया। सरकार ने जिले में 85 उपनल कर्मियों को हटा दिया है। वे लोग बेरोजगार हो गए हैं। कहा कि कोविड के समय जान जोखिम में डालकर संक्रमण को रोकने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया। आज उन लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, जो किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। अस्पतालों में कर्मचारियों की आवश्यकता है, सरकार उन लोगों को रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करे। धरने पर संजय कनौजिया, यशोदा देवी, अंकित कुमार, दीपा देवी, दिनेश राम, आनंद प्रसाद समेत तमाम लोग बैठे।