बागेश्वर। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में इस वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना तैयार की गई। ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी की अध्यक्षता में विकास खंड कार्यालय में हुई इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2020-21 की केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त मद के तहत क्षेत्र पंचायत को प्राप्त धनराशि को लेकर कार्ययोजना तैयार करने के लिए चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों को 19 सितंबर तक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिसमें 50 प्रतिशत कार्य जल संरक्षण संबंधित होने जरूरी हैं। बीडीओ आलोक भंडारी ने बताया कि बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की शंकाओं और समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही मनरेगा योजना के तहत होने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के कार्यों के लिए राज्य वित्त से 40.2 लाख और केंद्रीय वित्त से 40.8 लाख रुपये मिले हैं। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य चांदनी टम्टा, पुष्पा रौतेला, कमला देवी, कल्पना चंदोला, आरती टम्टा, प्रशांत नगरकोटी, दीप चंद्र कांडपाल, जानकी, रमेश हरड़िया, कैलाश चंद्र गुरुरानी, ललित आदि मौजूद थे। संवाद