बागेश्वर: एमआरएफ सेंटर में भीषण आग, तीन मशीनें और सामग्री जलकर राख; दमकल टीम ने पाया काबू
बागेश्वर जिले के गरुड़ मोटर मार्ग स्थित नगर पालिका परिषद के एमआरएफ सेंटर में बृहस्पतिवार देर शाम भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कूड़ा निस्तारण और प्रसंस्करण से जुड़ी तीन मशीनें और भारी मात्रा में एकत्र रिसाइकिल योग्य सामग्री जलकर राख हो गई।
विस्तार
बागेश्वर जिले के गरुड़ मोटर मार्ग स्थित नगर पालिका परिषद के एमआरएफ सेंटर में बृहस्पतिवार देर शाम भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में कूड़ा निस्तारण और प्रसंस्करण से जुड़ी तीन मशीनें और भारी मात्रा में एकत्र रिसाइकिल योग्य सामग्री जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग पास में स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण लगी जिसने देखते ही देखते पूरे सेंटर को अपने आगोश में ले लिया। सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल और ईओ विनोद सिंह जीना टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एमआरएफ सेंटर में लगी आग से पालिका को करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सेंटर में रखी तीन मशीनें और रिसाइकिल के लिए एकत्र सामग्री जलकर नष्ट हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग पास के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से लगी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। -सुरेश सिंह खेतवाल, पालिकाध्यक्ष, बागेश्वर