बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने चुनाव में ड्यूटी में तैनात आईटीबीपी के जवानों को ब्रीफ किया।
डिग्री कॉलेज में अर्द्धसैनिक बल के जवानों को ब्रीफ करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण और भयमुक्त संपन्न कराने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन वह स्वयं, पुलिस अधीक्षक और प्रेक्षक क्षेत्र भ्रमण पर रहेंगे, इसलिए बूथों की सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने सुरक्षा कर्मियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बल के तीन कंपनियों के 190 जवानों की तैनाती की गई है। ब्रीफिंग के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार, एसपी अमित श्रीवास्तव ने पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ डिग्री कॉलेज से सरयू पुल तक फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान सीओ शिवराज सिंह राणा, डिप्टी कमांडेंट राजीव कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट राम अवतार मीणा, दलीप सिंह, अनुराधा, आशीष चौहान आदि थे।