बागेश्वर। मजियाखेत में गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल संकट गहराने लगा है। लगातार पेयजल किल्लत से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी भी बढ़ने लगी है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सभासद के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्या के निदान की मांग की है।
मजियाखेत के लिए आठ साल पहले स्वैप के माध्यम से पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। गांव से पांच किमी दूर गधेरे से बनी पेयजल योजना से मजियाखेत, कफलखेत, सैंज और डुंगरो के उपभोक्ताओं को पानी की आपूर्ति होती है। नगरपालिका बनने के बाद पेयजल योजना को पालिका के सुपुर्द कर दिया गया, लेकिन पेयजल की किल्लत जस की तस रही। सालों पुरानी योजना की पाइप लाइन कई स्थानों से जर्जर हो गई है। इस कारण आए दिन पेयजल संकट बना रहता है। बरसात में गधेरे के बहाव में पानी के पाइप बह जाने के कारण भी लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ता है। उपभोक्ताओं ने सैंज में हनुमान मंदिर के समीप बने पंप से क्षेत्र के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने और इस पेयजल योजना को भी दुरुस्त करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में लक्ष्मी टम्टा, पुष्पा नगरकोटी, सुनीता टम्टा, तारा देवी, नवीन चंद्र, नंदन प्रसाद, मीना देवी, हेम चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।