कपकोट (बागेश्वर)। बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीएमओ डॉ. बीडी जोशी से हफ्ते भर में रोस्टर के अनुरूप सीएचसी कपकोट में रेडियोलॉजिस्ट भेजने के लिए कहा। इसके अलावा उन्होंने ओपीडी, एंबुलेंस आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द ही अल्ट्रासाउंड शुरू कराए जाएंगे और 30 बेडों की व्यवस्था की जाएगी।
डॉक्टरों की कमी को भी दूर किया जाएगा। उन्होंने कुंवारी और बोरबलड़ा में बनाए गए उपकेंद्रों में एएनएम न होने पर नाराजगी व्यक्त की और केंद्रों में जल्द एएनएम की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, एसडीएम प्रमोद कुुमार, ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, गिरीश जोशी आदि थे।