बागेश्वर। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने आपदा के समय खोज बचाव के लिए त्वरित कार्य किए जाने के लिए आईआरएस, एनडीआरएफ अल्मोड़ा और एसडीआरएफ की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों से आपदा से निपटने के लिए बेहतर तालमेल से कार्य करने को कहा।
डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में तहसील स्तरीय आईआरएस टीम वीसी के माध्यम से जुड़ी। डीएम ने कहा कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियां प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील हैं। जिसेे देखते हुए विभागों को आपदाओं से निपटने के लिए हर समय तैयार रहना चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन का पूर्वाभ्यास कर कमियों को रेखांकित करने और उनमें सुधार लाने को कहा। बैठक में एसपी देवेंद्र पींचा, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम प्रमोद कुमार, जयवर्धन शर्मा, सीओ विपिन पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल आदि मौजूद रहे।