बागेश्वर। नगरपालिका ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वरोजगार के लिए 44 आवेदकों के ऋण स्वीकृत किया है।
नगरपालिका सभागार में मंगलवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वरोजगार कार्यक्रम को लेकर टॉस्क फोर्स की बैठक में आवेदकर्ताओं का साक्षात्कार लिया गया। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राजदेव जायसी ने बताया कि स्वरोजगार के लिए 54 लोगों ने आवेदन किया था।
जिनमें से तीन लोगों के आवेदन निरस्त कर दिए गए और सात लोग अनुपस्थित रहे। अन्य 44 लोगों को साक्षात्कार के बाद 59 लाख 5 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। बताया कि योजना का लक्ष्य शहरी गरीब परिवारों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर सक्षम बनाना है। बैठक में लीड बैंक अधिकारी मनोहर सिंह पांगती, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के प्रबंधक विजय आर्य, सिटी मिशन मैनेजर उर्मिला बिष्ट, सामुदायिक संगठनकर्ता गंगा अधिकारी, गणेश साही आदि मौजूद थे।