द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पाली पछांऊ के ऐतिहासिक स्याल्दे-बिखोती मेले का विमांडेश्वर मंदिर से आगाज हुआ। स्याल्दे मेला समिति अध्यक्ष मुकेश लाल साह, बिखोती मेला अध्यक्ष रमेश चंद्र पुजारी, रणां निवासी वयोवृद्ध गोपाल दत्त पुजारी आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, मेला उपाध्यक्ष हेम रावत, एसडीएम आरके पांडेय, चंद्र शेखर जोशी, गिरीश चौधरी, निर्मल मठपाल, प्रकाश पुजारी आदि थे। पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने विमांडेश्वर मंदिर में जिला पंचायत मद से स्नानागार और शौचालय बनाने के लिए ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की है।
रंणा के ग्रामवासियों ने ढोल नगाड़ों-निशानों के साथ मंदिर की परिक्रमा कर पूजा अर्चना की। अतिथियों ने मेलों को संस्कृति का ध्वजवाहक बताते हुए युवाओं से उत्तराखंडी लोक संस्कृति, परंपरा को जीवंत रखने के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं, लोक गायक प्रकाश काहाला और अंकित शर्मा ने प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। रात्रि में ढोल, नगाड़ों-निशानों, रणसिंघों की गर्जनाओं के साथ हुड़के की थाप पर झोड़े चांचरी गाए गए। आल, नौज्यूला और गरख धड़ों के दलों ने बिखोती मेले में शिरकत कर मंदिर परिसर में बने अपने निर्धारित डेरों में पहुंच कर झोड़े चांचरी गाए। 14 अप्रैल को द्वाराहाट नगर में बट पुजै के तहत नौज्यूला धड़े की ओर से ओड़ा भेंटने की रस्म अदा की जाएगी।