अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी ब्लाक के पनुवानौला में चल रही रामलीला में नौवें दिन भगवान श्री राम द्वारा लक्ष्मण को मेघनाद के साथ युद्ध के लिए भेजना, लक्ष्मण शक्ति, राम विलाप, हनुमान का सुषैण वैद्य को लाना, हनुमान का संजीवनी बूटी लाना, लक्ष्मण का मूर्छा से उठना, कुंभकर्ण वध, रावण विलाप, मेघनाद वध, मंदोदरी विलाप, सुलोचना सती आदि प्रसंग मंचित किए गए।
रामलीला में मेघनाद ने लक्ष्मण पर ब्रह्मशक्ति बाण चला दिया। जिसके प्रहार से लक्ष्मण मुर्छित होकर गिर पड़े। लक्ष्मण को शक्ति लगने पर पवन पुत्र हनुमान सुषैन वैद्य से लक्ष्मण के प्राण बचाने को चलो वैद्या चलो जल्दी तुम्हे रघुवर बुलाते हैं, लगी है लक्ष्मण को शक्ति तुम्हें रघुवर बुलाते हैं...कहकर जल्दी चलने का आग्रह करते हैं। वैद्य के कहने पर हनुमान संजीवनी बूटी लाने के लिए निकल जाते हैं। संजीवनी बूटी लाने के बाद वैद्यराज ने जब बूटी पिलाई तो लक्ष्मण की मूर्छा समाप्त हो जाती है। इसके बाद लक्ष्मण युद्ध में मेघनाद का वध कर देते हैं। सुमित सुयाल ने भरत, कमल जोशी ने शत्रुघ्न, हेमंत साह ने रावण, देवेंद्र बिष्ट ने कुंभकर्ण, संजय नेगी ने विभीषण, विनोद वर्मा ने मेघनाद, अर्जुन बनौला ने मंदोदरी, पारस साह ने सुलोचना के पात्र का अभिनय किया। मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा और पूरन बिष्ट थे।