चौखुटिया (अल्मोड़ा)। ब्लॉक के रेवाड़ी में पांडव लीला जारी है। लीला में पांडवों की सेना में अलग-अलग गांव के पात्र शामिल होकर पांडवों के इतिहास और चरित्र परंपरा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर, ठंड के बावजूद लोग देर शाम तक मंचन देखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। मंगलवार को पांडव लीला में गढ़वाल मंडल के कुनीगाड से पहुंची पांडव सेना ने रमोला स्वांग का बेहतरीन प्रदर्शन किया। लीला स्थल पर रमोला के कलाकारों ने हाथों व घुटनों के बल चक्कर लगाकर पांडवों के अज्ञातवास के दौरान की परंपरा को दर्शाया।
स्वांग का किरदार राम सिंह और उनकी टीम ने निभाया। लीला देखने के लिए मुख्य रूप से कुनिगाड़, मेहलचोरी, गैरसैंण, खंसर घाटी, मासी, चौखुटिया, द्वाराहाट के अलावा दिल्ली से प्रवासी पहुंच रहे हें। बुधवार को पांडव सेना ग्राम भनोटिया के निमंत्रण पर भोज और शत के लिए भी गई। आयोजक मंडल के गजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लीला को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।

चौखुटिया के रेवाड़ी में रमोला स्वांग का प्रदर्शन करते कलाकार।- फोटो : ALMORA