अल्मोड़ा। सार्वजनिक स्थानों पर दो गज दूरी और कोविड नियमों की धज्जियां उड़ रही है। बैंक हो या अस्पताल, नगर के बाजार समेत अभी सार्वजनिक स्थलों पर एक बार फिर धड़ल्ले से कोविड नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। बाजारों में लोग बगैर मास्क पहने घूम रहे हैं। एटीएमों में भी लोग नकदी निकासी से पहले और बाद में हाथों को सैनिटाइज नहीं कर रहे हैं।
शनिवार को नगर के लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजारों में लोगों की काफी भीड़ रही। बाजारों और दुकानों में खरीदारी के दौरान लोग कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दिए। लोग बिना मास्क पहने ही बाजारों घूमते हुए दिखाई दिए। दुकानों में भी खरीदारी के लिए लोगों की काफी भीड़ रही लेकिन इस दौरान लोग दो गज की दूरी बनाना भूल गए। सब्जी की दुकानों में भी लोग सामाजिक दूरी का पालन करते हुए नहीं दिखाई दिए। अस्पताल में तो और भी बुरे हाल दिखाई दिए। मरीज एक दूसरे से सट कर बैठे हुए थे। कतार में खड़े मरीज दो गाज की दूरी का पालन करना भूल गए।