अल्मोड़ा: मोहान ईको टूरिज्म जोन की शुरुआत, वन मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को किया सफारी पर रवाना
Almora News: मोहान इको टूरिज्म जोन की शुरुआत वन मंत्री सुबोध उनियाल ने पर्यटकों की जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर की। सल्ट में अल्मोड़ा वन प्रभाग का यह पहला जंगल सफारी गेट होगा।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के मोहान क्षेत्र से मंगलवार को पहले पर्यटन जोन, मोहान इको टूरिज्म जोन की शुरुआत वन मंत्री सुबोध उनियाल ने पर्यटकों की जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर की। सल्ट में अल्मोड़ा वन प्रभाग का यह पहला जंगल सफारी गेट होगा।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने रिबन काटकर जोन का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल मंत्री सुबोध उनियाल ने हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों की जिप्सियों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे सल्ट क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। जल्द ही यहां 30 नेचर गाइडों की भर्ती भी की जानी है जिसमें स्थानीय युवाओं को वरीयता दी जाएगी। कॉर्बेट की तर्ज़ पर ही मोहान सफारी का संचालन किया जाएगा। इससे सल्ट में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
यह सफारी वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहद आकर्षक और रोमांच से भरी होगी, पर्यटक यहां पर प्राकृतिक सौंदर्य, जंगली जानवरों जैसे बाघ, हाथी, तेंदुआ, हिरन, पक्षियों आदि का दीदार कर सकेंगे। इस दौरान सल्ट विधायक महेश जीना, रानीखेत के विधायक प्रमोद नैनवाल, रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट, प्रमुख वन संरक्षक धनंजय मोहन, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. धीरज पांडे, डीएफओ अल्मोड़ा दीपक सिंह, मोहान रेंज रेंजर गंगाशरण आदि मौजूद रहे।
ये रहेंगी व्यवस्थाएं
इस जोन में घूमने के लिए 1770 रुपये का आपको परमिट ऑनलाइन कटवाना होगा और इसके अलावा लगभग 2500 से 3000 हज़ार रुपये की जिप्सी का अतिरिक्त पैसा स्वयं देना होगा।- मोहान गेट से एक दिन में 15 सफारी सुबह और 15 सफारी शाम को मिलाकर एक दिन में कुल 30 सफारी संचालित की जाएंगी। ऑपरेटर की रुचि को ध्यान में रखते हुए करीब 16 किलोमीटर की जंगल सफारी का रूट तैयार किया गया है, इसमें घूमने को लेकर नेचर गाइडों की भर्ती की प्रक्रिया गतिमान है वहीं तब तक क्षेत्र के ग्रामीणों वोलेंटियर प्रोटेक्शन फ़ोर्स के युवाओं को बतौर नेचर गाइड तैनात किया गया है। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि हमारी सरकार का पहला कर्तव्य बेरोजगारों को रोजगार देना है। कहा कि यहां जोन खुलने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।