अल्मोड़ा। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में नौ शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का निवारण करने और शिकायतकर्ता को भी सूचना देने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में लोअर मालरोड निवासी देवेंद्र कुमार पांडे ने विद्युत लाइन में खराबी आने के कारण विद्युत उपकरण खराब होने की शिकायत की। खत्याड़ी निवासी मोहनी देवी ने घर में अनावश्यक पानी आने, गुणकांडे के ग्रामीणों ने राम मंदिर से गुणकांडे तक बन रही सड़क की गुणवत्ता सही नही होने, कोटयूड़ा निवासी नंदन सिंह बिष्ट ने सड़क बनाने के समय भूमि कटान का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इसके अलावा जगदीश सिंह बिष्ट ने विद्युत पोल हटाए जाने समेत अन्य शिकायतें कीं। डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों पर कार्रवाई करने और जिन शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है उन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा। इस अवसर पर एडीएम बीएल फिरमाल, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, मोनिका, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, डीडीओ केके पंत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता हयांकी, जिला शिक्षाधिकारी एचबी चंद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भीम सिंह मेर के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।