अल्मोड़ा। डेफ ओलंपिक में भारत की बैडमिंटन टीम ने पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। ब्राजील में डेफ ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। अल्मोड़ा की पूनम तिवारी चीफ कोच के रूप में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रही है। सोनू आनंद सहायक कोच के रूप में टीम के साथ हैं।
उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि चैंपियनशिप के फाइनल में भारत की टीम ने जापान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। ओलंपिक चैंपियनशिप में चार पुरुष और चार महिलाओं ने भाग लिया। टीम में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों में अभिनव शर्मा, रोहित भाकर, महेश, रितिक, श्रेया शर्मा, गौरांशी, जेर्लिन और आदित्य कुमार शामिल हैं। टीम की इस उपलब्धि पर उत्तरांचल बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉक्टर अलकनंदा अशोक सहित सभी खेल प्रेमियों पर खिलाड़ियों को बधाई दी है।